भाजपा ने भारतीय राजनीति की दिशा और दशा को दिया नया आयाम: शेखावत
जोधपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई शुभकामना देते हुए कहा कि छह अप्रैल एक ऐसा ऐतिहासिक दिन है जब भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई, एक ऐसी पार्टी, जिसने भारतीय राजनीति की दिशा और दशा को नया आयाम दिया।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने सोशल मीडिया पर विचार रखे और कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रवाद और अंत्योदय के विचारों को आत्मसात करते हुए, अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी मजबूत नींव रखी। वर्षों के कठिन परिश्रम, करोड़ों कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास के बल पर आज यह विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। आज भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे बढ़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश