निकाय चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा सियासी दांव, अलवर में प्रभारी ने जारी किया संकल्प पत्र

 




अलवर, 03 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में निकाय चुनाव का सियासी घमासान तेज होने के साथ ही भाजपा ने अपना चुनावी एजेंडा जनता के सामने रख दिया है। गुरुवार को अलवर पहुंचे भाजपा के राजस्थान प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने भाजपा जिला कार्यालय में निकाय चुनाव का संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने शहरी क्षेत्रों के विकास, आधारभूत सुविधाओं, रोजगार, स्वच्छता, यातायात और पर्यावरण से जुड़े कई बड़े संकल्पों की जानकारी दी।

संकल्प पत्र जारी करते हुए अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में शहरों को आधुनिक, सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि शहरी विकास में वार्ड को आधार बनाकर काम किया जाएगा और निकाय क्षेत्रों की स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास योजनाएं लागू की जाएंगी।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने बताया कि अगले पांच वर्षों में शहरी क्षेत्र के अलग-अलग आय वर्गों के लोगों के लिए एक लाख आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं आगामी पांच वर्षों में 7 लाख से अधिक घरों में रसोई गैस के PNG कनेक्शन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है।

महिलाओं की सुविधा के लिए शहरी क्षेत्रों में 2 हजार पिंक टॉयलेट बनाए जाने की बात भी संकल्प पत्र में कही गई है। वहीं नए और बाहरी रिहायशी क्षेत्रों सहित निकाय क्षेत्रों में करीब 15 लाख स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

भाजपा के संकल्प पत्र में शहरी स्वच्छता को भी प्रमुखता दी गई है। अग्रवाल ने बताया कि सभी डंपिंग साइट पर वर्षों से जमा पुराने कचरे का 100 प्रतिशत वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने की दिशा में काम किया जाएगा। घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगाने का भी प्रावधान रखा गया है।

सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए रोबोटिक 3-इन-1 सफाई मशीनों और डिजिटल उपकरणों का उपयोग किए जाने की बात कही गई। वहीं निजी सहभागिता से सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और वेस्ट वाटर मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने का संकल्प लिया गया है।

अग्रवाल ने बताया कि अगले पांच वर्षों में करीब 3 हजार किलोमीटर पुरानी सीवर लाइन की मरम्मत और बदलाव की कार्रवाई की जाएगी। खराब सड़कों और सीवर लाइनों की जांच के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा और जरूरत के अनुसार ट्रेंचलेस तकनीक से सड़क खोदे बिना सीवर लाइन बदलने की दिशा में काम होगा।

शहरों में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए पार्किंग स्थल, मल्टीस्टोरी पार्किंग, अंडरपास, ब्रिज और रिंग रोड जैसी व्यवस्थाओं पर काम करने की बात कही गई। प्रमुख मार्गों और चौराहों के सौंदर्यीकरण के साथ ट्रैफिक लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने का भी संकल्प रखा गया है।

संकल्प पत्र में शहरी सुरक्षा को लेकर भी कई प्रावधान बताए गए। प्रत्येक निकाय में अपराध नियंत्रण और निगरानी के लिए CCTV कैमरों की व्यवस्था मजबूत करने तथा अभय कमांड सेंटर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से जोड़ने की दिशा में काम करने की बात कही गई।

घनी आबादी वाले क्षेत्रों में हाईटेंशन बिजली लाइनों को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत करने का भी संकल्प लिया गया है।

भाजपा ने युवाओं को लेकर भी कई घोषणाएं संकल्प पत्र में शामिल की हैं। आवश्यकता के अनुसार ई-लाइब्रेरी स्थापित करने और समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन करने की बात कही गई। युवाओं को नगर प्रशासन से जोड़ने के लिए इंटर्नशिप व्यवस्था लागू करने का भी प्रस्ताव रखा गया है।

शहरी क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण सुधार के लिए नगरवन और 'लव-कुश' वाटिका विकसित करने की बात कही गई है। प्रमुख पार्कों में मॉर्निंग वॉक ट्रैक, ओपन जिम और आवश्यकता के अनुसार योग प्रशिक्षक की व्यवस्था का संकल्प भी रखा गया है।

पानी की समस्या वाले क्षेत्रों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने, ग्रीन बेल्ट विकसित करने और जनभागीदारी से वृक्षारोपण को बढ़ावा देने की बात कही गई।

अग्रवाल ने कहा कि सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के लिए नगर निगम क्षेत्रों में ई-बस सेवा शुरू करने की दिशा में काम किया जाएगा। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई।

इसके अलावा नगर निगम और परिषद मुख्यालयों पर इनडोर स्टेडियम, फूड कोर्ट और वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र विकसित करने का भी संकल्प पत्र में उल्लेख है।

जिन नगर निगमों की सीमाओं का विस्तार हुआ है, वहां प्राथमिकता के आधार पर आधारभूत सुविधाएं विकसित करने की बात कही गई। निगम सीमा में शामिल नए गांवों में सीवरेज, पेयजल, सफाई, कचरा संग्रहण एवं निस्तारण, सड़क, रोड लाइट और बिजली जैसी सुविधाएं विकसित करने का संकल्प लिया गया है।

साथ ही प्रभावित निकाय क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुधारने और 24 घंटे विद्युत आपूर्ति के लिए आवश्यक प्रयास करने की बात भी कही गई।

भाजपा के संकल्प पत्र में शहरों की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी स्थान दिया गया है। विभिन्न निकायों में स्थित हवेलियों और हेरिटेज स्थलों के संरक्षण के साथ प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तथा मोक्षधामों के विकास की बात कही गई है। पर्वतीय, झील और आदिवासी क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्य कराने का भी संकल्प लिया गया।

संकल्प पत्र विमोचन के दौरान पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, दिनेश गुप्ता, ऋषि राज शर्मा, पंडित दीपक शर्मा, नरेश गोयल, केजी खडेलवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

निकाय चुनाव से ठीक पहले भाजपा की ओर से जारी किए गए इस संकल्प पत्र को शहरी मतदाताओं को साधने की पार्टी की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अब भाजपा इन संकल्पों को चुनावी मैदान में जनता के बीच लेकर जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार