नशा मुक्त भारत के संदेशवाहक हैं बाइक राइडर्स: डीजीपी राजीव कुमार शर्मा

 






जयपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ जन-जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली गुरुवार सुबह जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल पहुंची। यहां पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने राइडर्स का उत्साहवर्धन किया। पुलिस बैंड की धुनों और जयपुरवासियों की तालियों से राइडर्स का स्वागत किया गया। इसके बाद डीजीपी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को अजमेर के लिए रवाना किया।

डीजीपी शर्मा ने कहा कि राइडर्स की वर्दी, भाषा और खानपान अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन लक्ष्य एक ही है—नशामुक्त भारत का निर्माण। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वर्ष 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इसे पूरा करने के लिए सभी को एकजुट होकर सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी। बाइक राइडर्स केवल यात्री नहीं, बल्कि नशामुक्त भारत के संदेशवाहक हैं और उनकी सबसे बड़ी ताकत अनुशासन है।

डीजीपी ने राइडर्स को स्वयं नशे से दूर रहने, परिवार और समाज को नशामुक्त रखने, राष्ट्रीय एकता बनाए रखने तथा किसी भी आयोजन में नशीले पदार्थ नहीं परोसने की शपथ दिलाई। उन्होंने 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होने के लिए राइडर्स को शुभकामनाएं दीं। शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस जल्द ही नशामुक्त राजस्थान के लिए व्यापक अभियान शुरू करेगी। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक लड़ाई है।

अल्बर्ट हॉल के सामने राइडर्स ने विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, पुलिसकर्मियों और आमजन से संवाद कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के तन-मन के साथ पूरे परिवार को प्रभावित करता है और इससे कोई लाभ नहीं होता। सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी विभिन्न सुरक्षा बल निभा रहे हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर देश का भविष्य मजबूत करना चाहिए। राइडर्स ने स्वयं नशामुक्त रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

रैली में सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनडीआरएफ, एनएसजी, एसएसबी सहित विभिन्न केंद्रीय बलों, पुलिस संगठनों और राज्य पुलिस के राइडर्स भाग ले रहे हैं। जयपुर में राजस्थान पुलिस के राइडर्स भी रैली से जुड़े। इसमें कांस्टेबल से लेकर आईजी स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वी.के. सिंह ने बताया कि रैली बुधवार शाम जयपुर पहुंची थी। आमेर फोर्ट पर राइडर्स का स्वागत किया गया। गुरुवार सुबह चतुर्थ बटालियन आरएसी, पांचवीं बटालियन आरएसी और राजस्थान पुलिस अकादमी से राइडर्स अलग-अलग समूहों में अल्बर्ट हॉल पहुंचे।

‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर आयोजित यह रैली सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड से जुड़ी है। इसका उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है। रैली 22 अक्टूबर को अजमेर, 23 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़-उदयपुर होते हुए 24 अक्टूबर को गांधीनगर के लिए रवाना होगी।

इस अवसर पर डीजीपी (कानून-व्यवस्था) संजय कुमार अग्रवाल, डीजीपी (यातायात) मालिनी अग्रवाल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थी और जयपुरवासी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश