ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र और दामाद की मौत, भतीजा गंभीर
करौली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। हिण्डौन सिटी कस्बे में बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिस पर चार लोग सवार थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
सदर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम लाल चौधरी ने बताया कि करौली जिले के हिण्डौन सदर थाना क्षेत्र में यह दुर्घटना हुई। अलीपुरा निवासी यशवेंद्र जाटव (50), उनके बेटे गौरव जाटव (13), दामाद धर्मेंद्र जाटव (25) और भतीजे मुनीम जाटव एक ढाबे पर खाना खाने के बाद एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। पनबेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में यशवेंद्र, उनके बेटे गौरव और दामाद धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुनीम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। तीनों शवों को हिण्डौन सिटी के जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। डीएसपी मुनेश कुमार मीणा और सदर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम लाल चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतक यशवेंद्र और उनके दामाद धर्मेंद्र मजदूरी का काम करते थे। धर्मेंद्र की शादी यशवेंद्र की बेटी रचना से 29 अप्रैल 2025 को हुई थी। एक ही परिवार में तीन मौतों की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित