खरीदारी के साथ बढ़ रहा ग्राहकों और व्यापारियों का विश्वास, शॉपिंग मेले में स्थानीय व्यापारियों को मिल रहा समर्थन
बीकानेर, 01 नवंबर (हि.स.)। स्थानीय व्यापारियों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रोटरी भवन, सादुलगंज में आयोजित बीकानेर शॉपिंग मेले को शहरवासियों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। लोकराग फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स की ओर से आयोजित इस मेले में लोग खरीदारी के जरिए स्थानीय कारोबारियों के उत्पादों को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
‘वोकल फॉर लोकल’ मुहिम के तहत आयोजित मेले में श्रमिकों से लेकर चिकित्सकों, अभियंताओं और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोगों की जरूरतों के अनुरूप अनेक उत्पाद उपलब्ध हैं। एक ही परिसर में विभिन्न वस्तुओं की उपलब्धता से ग्राहकों को खरीदारी के विकल्प मिल रहे हैं। वहीं, व्यापारियों को ग्राहकों से सीधे संवाद कर अपने उत्पादों की विशेषताएं बताने का अवसर मिल रहा है।
लोकराग फाउंडेशन के अध्यक्ष आनंद आचार्य ने बताया कि फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष योगेश खत्री के निर्देशन में संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। खरीदारी के साथ संगीत प्रस्तुतियों ने मेले के माहौल को उत्साहपूर्ण बनाया। फाउंडेशन के सचिव विनय थानवी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्राहकों और व्यापारियों के बीच विश्वास बढ़ता है। प्रत्यक्ष संवाद से ग्राहक उत्पादों की गुणवत्ता और विशेषताओं को समझ पाते हैं, वहीं व्यापारियों को ग्राहकों की जरूरतों की जानकारी मिलती है।
आयोजन में रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के विपिन लड्ढा, राजेश पारीक, पुनीत खत्री एवं ज्योति प्रकाश रंगा की सक्रिय भागीदारी रही। लोकराग फाउंडेशन के निदेशक नरेश मारू ने भी विशेष सहयोग दिया। मेले के आयोजन में श्रीनाथ सॉल्यूशन्स के निदेशक मुरली पंवार, ड्रीम ल्यूमिना के निदेशक विक्की जैन, करणी कृपा एवं गुरु कृपा हार्डवेयर के सुनील चमड़िया, डॉ. एल.सी. बैद, डॉ. श्याम अग्रवाल, जॉनी साधवानी, जगदीश सेवग एवं डॉ. शांतनु मिश्रा का सहयोग रहा। इसके अलावा एसआईपी वाला के निदेशक राजेश पारीक, शू डॉट कॉम के दिनेश बदलानी, राधे कृष्णा रेस्टोरेंट के श्रीराम चौधरी, बीकानेर फ्रेश के निदेशक विनोद बाफना तथा गोयमो के निदेशक राजेश गोयल भी आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।
मेले में आयोजित तंबोला खेल भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया और उपहार जीते। तंबोला का संचालन श्वेता पीत्ती एवं प्रियंका खत्री ने किया। बीकानेर शॉपिंग मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव