बीकानेर में प्रमुख स्थलों पर रंगोलियों से जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रभावना का संदेश
बीकानेर, 24 सितंबर (हि.स.)। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित गतिविधियों की श्रृंखला में गुरुवार को पर्यटन विभाग ने ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ अभियान के तहत शहर और आसपास के प्रमुख सार्वजनिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों पर रंगोलियों का निर्माण कराया।
कलेक्ट्रेट, रविंद्र रंगमंच, वेटरिनरी विश्वविद्यालय, लक्ष्मीनाथ जी मंदिर, रसिक बिहारी मंदिर, देशनोक मंदिर तथा सूरसागर स्थित शिखरबंद महादेव मंदिर के सेल्फी प्वाइंट सहित विभिन्न स्थानों पर बनाई गई रंगोलियों में जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रभावना से जुड़े संदेशों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया।
पर्यटन विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य आमजन को सरकार की लोकहितकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करने के साथ राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रप्रेम और नागरिक सहभागिता का संदेश देना है। पर्यटन एवं सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों पर रंगोलियों के प्रदर्शन से इन स्थानों की दृश्य सुंदरता भी बढ़ी। स्थानीय कलाकार ज्योति स्वामी, दिनेश नाथ और नवल किशोर सहित अन्य कलाकारों ने विभिन्न स्थलों पर रंगोलियां तैयार कीं। पारंपरिक रंगोली कला के माध्यम से जनजागरूकता के विषयों और राष्ट्रीय प्रतीकों को प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के उप निदेशक कृष्ण कुमार, सहायक निदेशक महेश कुमार व्यास, पर्यटन अधिकारी पवन शर्मा, सहायक पर्यटन अधिकारी नेहा शेखावत, सहायक प्रशासनिक अधिकारी योगेश राय, संदीप टेलर तथा देवस्थान विभाग की सोनिया रंगा सहित अन्य कार्मिकों ने सहयोग किया। विभाग के अधिकारियों के अनुसार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के साथ संस्थागत और सार्वजनिक स्थानों पर रंगोलियों के माध्यम से लोक कला, पर्यटन, संस्कृति और जनजागरूकता को जोड़ने का प्रयास किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव