कबाड़ निस्तारण से बीकानेर रेल मंडल ने सात माह में अर्जित किए 22.22 करोड़ रुपए, 5880 मीट्रिक टन का किया निस्तारण
बीकानेर, 11 नवंबर (हि.स.)। भारतीय रेलवे द्वारा 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण, स्वच्छता तथा रेलवे परिसरों में उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया। इस अभियान के अंतर्गत बीकानेर रेल मंडल ने भी कबाड़ निस्तारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
रेलवे के बीकानेर मंडल के सीनियर डीसीएम वीरेंद्र जाेशी के अनुसार बीकानेर रेल मंडल ने चालू वित्त वर्ष में 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 तक कबाड़ की बिक्री एवं निस्तारण से कुल 22.22 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। इस अवधि में मंडल द्वारा कुल 5,880.80 मीट्रिक टन कबाड़ का निस्तारण किया गया।
वहीं अक्टूबर माह में ही मंडल ने 2,964.76 मीट्रिक टन कबाड़ की बिक्री एवं निस्तारण से 11.20 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया। यह उपलब्धि रेलवे परिसरों में अनुपयोगी सामग्री को हटाने, उपलब्ध स्थान को खाली कराने तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण है।
विशेष अभियान 6 के दौरान मंडल में रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं अन्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता गतिविधियों तथा अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, ई-कचरे के उचित निस्तारण तथा पुराने अनुपयोगी अभिलेखों की समीक्षा जैसे कार्य भी अभियान का हिस्सा रहे।
अभियान के अंतर्गत यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रेल जन संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया।
बीकानेर रेल मंडल द्वारा कबाड़ निस्तारण से अर्जित यह राजस्व न केवल रेलवे की आय में वृद्धि कर रहा है, बल्कि रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं अधिक उपयोगी बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव