महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बीकानेर मंडल का किया निरीक्षण

 


बीकानेर, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शुक्रवार को बीकानेर मंडल के प्रवास के दौरान बीकानेर से देशनोक स्टेशन तक फुट प्लेट निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक, स्लीपर सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने देशनोक स्टेशन का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लालगढ़ स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान यार्ड रीमॉडलिंग और हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने बीकानेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए लॉबी, रनिंग रूम और सर्कुलेटिंग एरिया सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बाद में प्लेटफॉर्म संख्या छह के वीआईपी कक्ष में पत्रकारों से बातचीत कर मंडल की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दी।

महाप्रबंधक ने रेलवे अस्पताल का भी निरीक्षण किया और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों की व्यवस्थाओं तथा विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने भी महाप्रबंधक से मुलाकात कर रेलकर्मियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं से अवगत कराया। महाप्रबंधक ने समस्याओं को सुनते हुए उचित समाधान का आश्वासन दिया।

महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल के शाखा अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, परिचालन, संरक्षा और आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने मंडल की उपलब्धियों और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को विभागीय कार्यों में गति बनाए रखने, निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने तथा यात्रियों और रेलकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास एवं आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौधरी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) ऋतुराज शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. असीम कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) आदित्य लेघा सहित मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव