बीकानेर में 27 नक्षत्र, 12 राशियों और 9 ग्रहों को समर्पित विशेष मंदिरों का होगा निर्माण

 




बीकानेर, 07 जून (हि.स.)। जयपुर रोड स्थित आरकेपुरम दुर्गा कॉलोनी के भगवान शनिदेव मंदिर परिसर में एक अनूठी धार्मिक परियोजना की शुरुआत की गई है। मंदिर परिसर में 27 नक्षत्रों, 12 राशियों और 9 ग्रहों को समर्पित विशेष मंदिरों का निर्माण किया जाएगा। इसे प्रदेश में अपनी तरह की संभावित पहली धार्मिक पहल माना जा रहा है, जो श्रद्धालुओं को वैदिक ज्योतिष और सनातन संस्कृति से जोड़ने का कार्य करेगी।

मंदिर के मुख्य पुजारी महाराज प्रेमप्रसाद भार्गवंशी ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लगभग एक वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह परिसर श्रद्धालुओं और ज्योतिष में रुचि रखने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। यहां भक्त अपनी जन्म राशि, नक्षत्र और ग्रहों से संबंधित पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान भी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि वैदिक ज्योतिष, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक ज्ञान के संरक्षण एवं प्रसार की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। उनके अनुसार यह स्थल भविष्य में प्रदेशभर के श्रद्धालुओं के लिए एक विशिष्ट आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।

इस अवसर पर समाजसेवी कुलदीप चौधरी ने मंदिर निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए सहयोग राशि भेंट की। मंदिर ट्रस्ट की ओर से उनका सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया गया। कुलदीप चौधरी ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सहयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है तथा ऐसे आध्यात्मिक केंद्र समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक जागरूकता का संचार करते हैं।

मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण में नवग्रह मंदिर का निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। ट्रस्ट के लोकेश कुमार गुप्ता और विक्रम सिंह ने कहा कि संपूर्ण परियोजना पूर्ण होने के बाद बीकानेर धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में भी नई पहचान स्थापित कर सकेगा।

कार्यक्रम में बीकानेर खाटूश्याम मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टीगण, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव