बीकानेर मेयर पद के लिए भाजपा के सुरेंद्र सिंह शेखावत ने भरा नामांकन

 


बीकानेर, 16 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के मेयर प्रत्याशी एवं वार्ड 13 से नवनिर्वाचित पार्षद डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को बीकानेर नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नामांकन के बाद डॉ. शेखावत ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर विश्वास जताया है और वह उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनेगा।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 1980 से बीकानेर कांग्रेस में एक ही परिवार का प्रभाव रहा है। उन्होंने अल्पसंख्यक, दलित और पिछड़े वर्गों को राजनीतिक एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलने पर सवाल उठाया। उन्होंने पार्षदों से 21 सितंबर को मतदान के दौरान अपनी अंतरात्मा की आवाज के अनुसार निर्णय लेने की अपील की।

डॉ. शेखावत ने कहा कि नवनिर्वाचित पार्षदों के सहयोग से नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनेगा और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।

नामांकन के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि डॉ. शेखावत के नामांकन में वार्ड दो के पार्षद दीपक व्यास और वार्ड 76 के पार्षद विशाल सोनी प्रस्तावक रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव