बीकानेर में पहली बार हेरिटेज ट्रेजर हंट, विरासत के साथ फिटनेस का संदेश
बीकानेर, 27 सितंबर (हि.स.)। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को बीकानेर के शहरी परकोटे में पहली बार हेरिटेज ट्रेजर हंट कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहरवासियों, युवाओं और पर्यटकों ने रामपुरिया हवेलियों से लक्ष्मीनाथ मंदिर तक पैदल चलते हुए शहर की स्थापत्य कला, सांस्कृतिक विरासत और खान-पान की परंपराओं को करीब से जाना।
पर्यटन विभाग ने बीकानेर विकास प्राधिकरण के सहयोग से बीकानेर रन क्लब के तत्वावधान में यह आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रतिभागी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। हेरिटेज रूट पर लोक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों, नृत्य और बीकानेर की कला, संस्कृति व इतिहास से जुड़ी पहेलियों के माध्यम से प्रतिभागियों को शहर की विरासत से परिचित कराया गया। आयोजन में फिटनेस के साथ इतिहास और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला।
जिला कलेक्टर निशान्त जैन भी पूरे हेरिटेज रूट पर प्रतिभागियों के साथ पैदल चले। उन्होंने बीकानेर की हवेलियों और स्थापत्य कला की विशिष्ट पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर की परंपराएं, रीति-रिवाज और खान-पान की शैली भी अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि बीकानेर रन क्लब युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विषयों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन कर रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत रामपुरिया हवेलियों से हुई। प्रतिभागी मोटा चौक, पुराने बाजार, सब्जी बाजार और चूड़ी बाजार होते हुए लक्ष्मीनाथ मंदिर पहुंचे। मार्ग में विरासत से संबंधित पहेलियां पूछी गईं, जिनका प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं की घोषणा की गई।
बीकानेर रन क्लब के फाउंडर ईशान शर्मा ने बताया कि क्लब का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस के लिए प्रेरित करने के साथ उन्हें महत्वपूर्ण सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विषयों से जोड़ना है। हेरिटेज ट्रेजर हंट इसी उद्देश्य की पहल है। कार्यक्रम के समापन पर लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय कला और संस्कृति की प्रस्तुतियां दी गईं।
इस अवसर पर बीकानेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, प्रशिक्षु आईएएस स्वाति शर्मा, मनु गर्ग, उपवन संरक्षक वेंकटेश जी. सहित पर्यटन विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक कृष्ण कुमार ने आभार जताया। पर्यटन विभाग के अधिकारी पवन कुमार शर्मा और नेहा शेखावत, राजस्थान प्राच्य विद्या मंदिर के निदेशक डॉ. नितिन गोयल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव