डाक विभाग की 'एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन मीट' आयाेजित
बीकानेर, 17 जुलाई (हि.स.)। भारतीय डाक विभाग के बीकानेर मंडल की ओर से शुक्रवार को रानी बाजार स्थित होटल उत्सव में 'एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन मीट' का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य स्थानीय निर्यातकों, व्यापारियों, लघु उद्योगों एवं हस्तशिल्प उद्यमियों को भारतीय डाक विभाग की निर्यात सेवाओं से जोड़ते हुए वैश्विक बाजार तक उनकी पहुंच को सरल और सुगम बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीकानेर मंडल के अधीक्षक डाकघर रामावतार सोनी ने अतिथियों एवं निर्यातकों के स्वागत के साथ किया।
मुख्य अतिथि राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के डाक सेवा निदेशक कर्नल सतीश सोलंकी ने कहा कि भारतीय डाक विभाग का वैश्विक नेटवर्क आज भी विश्वसनीयता और दक्षता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में डाक विभाग निर्यातकों के लिए एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने डाक निर्यात केंद्र (डीएनके) की सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में डाक विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में निर्यातकों की सक्रिय भागीदारी पर भी बल दिया।
जयपुर बिजनेस पोस्ट सेंटर के डाक निरीक्षक कोमल प्रसाद कुमावत ने डाक निर्यात केंद्र की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि निर्यातक अपने निकटतम डाकघर के माध्यम से किफायती दरों और सरल सीमा शुल्क प्रक्रिया के साथ दुनिया के किसी भी देश में उत्पाद भेज सकते हैं। इनमें बीकानेर की भुजिया, पापड़, उस्ता कला, कनी वर्क, हस्तशिल्प, आर्टिफिशियल ज्वेलरी सहित अन्य स्थानीय उत्पाद शामिल हैं।
कार्यक्रम में सीमा शुल्क एवं सीजीएसटी विभाग के अधिकारियों ने निर्यात से संबंधित कर व्यवस्था, दस्तावेजी प्रक्रिया और आवश्यक नियमों की जानकारी दी तथा निर्यातकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रश्नोत्तर सत्र में विशेषज्ञ अधिकारियों ने व्यापारियों के व्यावहारिक प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय व्यापार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बीकानेर के निर्यातकों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पूनिया, सीजीएसटी के सहायक आयुक्त धर्मेन्द्र उपाध्याय, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा, हस्तशिल्प विकास आयुक्त कार्यालय के सहायक निदेशक रवि वीर चौधरी, ईपीसीएच के क्षेत्रीय प्रबंधक गोपाल शर्मा, बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया, बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष बाल किशन परिहार, सीमा शुल्क विभाग एवं डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में निर्यातक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव