ईसीबी-ईपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर उत्साह चरम पर, छह टीमों की जर्सी का अनावरण
बीकानेर, 09 अगस्त (हि.स.)। इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में 10 अगस्त से शुरू होने जा रही इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर प्रीमियर लीग (ईसीबी-ईपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 को लेकर रविवार को खिलाड़ियों और विद्यार्थियों में उत्साह चरम पर पहुंच गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छह टीमों की जर्सी का भव्य अनावरण महाविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. अमित सोनी, खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा और सभी छह टीमों के टीम मालिकों ने किया। जर्सी अनावरण के साथ ही पांच दिन तक चलने वाली इस क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर महाविद्यालय परिसर में खेलमय माहौल देखने को मिला।
आयोजन संयोजक एवं खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि ईसीबी-ईपीएल केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम प्रबंधन, रणनीतिक सोच, अनुशासन, निर्णय क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अभिनव मंच है। खेल के साथ अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक का समावेश प्रतियोगिता को और विशिष्ट बना रहा है। उन्होंने बताया कि 10 से 14 अगस्त तक आयोजित होने वाली ईसीबी-ईपीएल प्रतियोगिता इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर आयोजित की जा रही है। इसमें इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर तथा यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के खिलाड़ी छह टीमों के रूप में मैदान में उतरेंगे। प्रतियोगिता के लिए हाल ही में आयोजित डिजिटल खिलाड़ियों की नीलामी में 155 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था। प्रत्येक टीम को नीलामी के लिए 1,25,000 अंक उपलब्ध कराए गए थे।
जर्सी अनावरण समारोह में सभी छह टीमों के मालिक, कप्तान और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रत्येक टीम की अलग पहचान वाली जर्सी का अनावरण किया गया। साथ ही टीम फोटोग्राफी और प्रचार-प्रसार के लिए आकर्षक दृश्य सामग्री भी तैयार की गई। अलग-अलग रंगों और डिजाइन में तैयार टीम जर्सियों ने प्रतियोगिता को पेशेवर और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया।
प्रतियोगिता में मैवरिक रेनेगेड्स, नाइट हॉक्स, सुपरनोवा टाइटंस, फीनिक्स स्ट्राइकर्स, थंडर सिक्सर्स और डेजर्ट स्कॉर्चर्स की टीमें मैदान में उतरेंगी। इन टीमों की कमान क्रमश: धनंजय राजपूत, वंश शर्मा, पंकज कुमावत, शुभम कुमावत, रिंकू वेद और शिवम तिवारी संभालेंगे।
प्रतियोगिता के प्रमुख मुकाबलों का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता से जुड़े प्रमुख क्षण, खिलाड़ियों का प्रदर्शन, मैच परिणाम, लाइव स्कोर और अन्य गतिविधियां महाविद्यालय की वेबसाइट तथा सामाजिक माध्यमों पर साझा की जाएंगी। इससे महाविद्यालय के विद्यार्थी, अभिभावक, पूर्व विद्यार्थी और देश-विदेश में मौजूद खेल प्रेमी प्रतियोगिता से सीधे जुड़ सकेंगे।
जर्सी अनावरण के अवसर पर डॉ. अमित सोनी, डॉ. नवीन शर्मा, डॉ. सुनीता चौधरी, डॉ. इन्दु भूरिया, डॉ. मोहम्मद यूनुस शेख, डॉ. विजय मोहन व्यास, मुमताज अली, मनीष व्यास, रोहित शर्मा, विजय सिंह और रामरतन सहित टीम मालिक, कप्तान तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव