लोहारू स्टेशन का 16.27 करोड़ और महेंद्रगढ़ का 13.71 करोड़ रुपये से हो रहा पुनर्विकास

 


बीकानेर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने लोहारू और महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, पुनर्विकास कार्यों और रेल संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्य निर्धारित समय में पूरे करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

लोहारू रेलवे स्टेशन पर 16.27 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक ने कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और यात्री सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने लोहारू और महेंद्रगढ़ रेलखंड पर समपार फाटक संख्या 123 और 110 का निरीक्षण भी किया।

रेल संरक्षा पर जोर देते हुए गोविल ने रेलकर्मियों को परिचालन के दौरान किसी भी तरह का शॉर्टकट नहीं अपनाने और निर्धारित नियमों व प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। स्टेशन यार्ड में क्रॉसिंग, पॉइंट, ट्रैक फिटिंग्स और अन्य संरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की गई।

महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 13.71 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य चल रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक ने इनकी प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने फूड स्टॉल, पेयजल व्यवस्था, टिकट खिड़की और पार्किंग सहित यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद गोविल ने विशेष निरीक्षण कार (एसपीआईसी) से लोहारू से चूरू तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलखंड में ट्रैक, सिग्नलिंग, रेल स्टॉक और परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अमन अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) रणसिंह गोदारा सहित रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव