बीकानेर मंडल ने रचा नया कीर्तिमान, एक दिन में 179 ट्रेनों का इंटरचेंज कर बनाया नया रिकॉर्ड
बीकानेर, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के निर्देशन तथा सभी विभागों के उत्कृष्ट समन्वय एवं रेल कर्मियों की कर्मठता के परिणामस्वरूप बीकानेर मंडल ने रेल परिचालन के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
बीकानेर मंडल ने 179 ट्रेनों का सफल इंटरचेंज कर अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। इनमें 93 ट्रेनों को मंडल से पास आउट किया गया तथा 86 ट्रेनों को मंडल में रिसीव (इन) किया गया। इससे पूर्व बीकानेर मंडल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 01 जनवरी व 2 अगस्त 2026 को 167 ट्रेनों के इंटरचेंज का था। नवीन उपलब्धि ने मंडल के परिचालन कौशल और कार्यकुशलता का नया मानक स्थापित किया है।
यह उपलब्धि परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक, वाणिज्य, सुरक्षा सहित सभी विभागों के बेहतर समन्वय, सतत निगरानी तथा रेल कर्मचारियों की प्रतिबद्ध कार्यशैली का परिणाम है। बेहतर ट्रेन संचालन और निर्बाध इंटरचेंज से मंडल की समयपालनता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक एवं विश्वसनीय रेल सेवा प्राप्त हो रही है तथा गाड़ियाँ अपने निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुँच रही हैं। यह उपलब्धि भारतीय रेल के बेहतर परिचालन प्रबंधन और यात्री सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव