नेशनल हाईवे पर बस और कैम्पर में भिड़ंत में एक की मौत, 8 लोग घायल
बीकानेर, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले के नाेखा पुलिस थाना क्षेत्र के नोखा में एक निजी बस और कैम्पर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कैम्पर सवार एक युवक की मौत हो गई जबकी 8 लोग घायल हो गए। हादसा रविवार तड़के 3 बजे भामटसर गांव के पास हुआ। कैम्पर सावर सभी लोग देशनोक करणी माता के दर्शन के लिए जा रहे थे।
थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण ने बताया - बस बीकानेर से जोधपुर की ओर जा रही थी, जबकि कैम्पर नोखा से बीकानेर की ओर जा रही थी। इस दौरान भामटसर गांव के पास बस और कैम्पर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कैम्पर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस का भी टायर वाला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कैम्पर सवार गोपाल लखारा (30), निवासी नोखा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर कर दिया गया। एक घायल को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि शेष घायलों का पीबीएम अस्पताल में इलाज जारी है।
घायलों की पहचान किशोर सुथार (नोखा), लकी गुर्जर, मदनगिरी (बीकासर), कुलदीप, अनिल मीणा (दरीबा), अभिषेक (नीम का थाना), सुरजीत और ओम सिद्दी के रूप में हुई है। कैम्पर सवार सभी 8 लोग सुजानगढ़ रोड टोल प्लाजा के कर्मचारी है। ये सभी देशनोक करणी माता के मंगला आरती दर्शन के लिए जा रहे थे।
मृतक गोविंद लखारा नोखा में ई मित्र चलाता था। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव