बिजोलिया में दो सड़क हादसों में तीन की मौत
भीलवाड़ा, 08 अक्टूबर (हि.स.)।जिले के बिजोलिया क्षेत्र में गुरुवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। पहला हादसा केसरगंज कट के पास हुआ, जहां मेनाल घूमकर कोटा लौट रहे चार दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई। हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा मोदी ढाबे के पास हुआ, जहां कार की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की जान चली गई।
मेनाल से लौट रहे थे चार दोस्त, बाइक स्लिप होने से किशोर की मौत-
पहला हादसा केसरगंज कट के पास हुआ। चार दोस्त रात को मेनाल घूमने के लिए निकले थे। सुबह वे बाइक से वापस कोटा लौट रहे थे। इसी दौरान केसरगंज कट के पास बाइक अचानक स्लिप हो गई। हादसे में बाइक सवार 15 वर्षीय शिवम पुत्र विजय सिंह राजपूत, निवासी मुज्जफरपुर, बिहार की मौत हो गई। उसके साथ बैठे झारखंड निवासी अर्पित को चोटें आई हैं। दूसरी बाइक पर झारखंड निवासी मानस और बिहार निवासी कनिष्क सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतक के शव को पुलिस ने मोर्चरी में रखवाया है।
कोटा में रहकर जेई की तैयारी कर रहा था शिवम-
हादसे में जान गंवाने वाला शिवम पढ़ाई के लिए कोटा में रह रहा था। वह एलन में जेई की तैयारी कर रहा था। कम उम्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे शिवम की सड़क हादसे में मौत की खबर से उसके परिचितों और साथियों में शोक की लहर है। रात को दोस्तों के साथ घूमने निकले शिवम को क्या पता था कि सुबह घर लौटने से पहले ही जिंदगी का सफर खत्म हो जाएगा। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मोदी ढाबे के पास कार ने बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी की मौत-
दूसरा हादसा मोदी ढाबे के पास हुआ। यहां कार की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे में राममाला मीणा पत्नी राजेश मीणा (25) और उनके पति राजेश मीणा पुत्र सोजी राम मीणा (32), निवासी तालेड़ा, बूंदी की मौत हो गई। दोनों बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान मोदी ढाबे के पास कार की टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिजोलिया क्षेत्र में एक ही दिन हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ओर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 15 वर्षीय शिवम की मौत ने उसके साथियों और परिचितों को झकझोर दिया, वहीं दूसरी ओर सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत से तालेड़ा क्षेत्र में भी शोक की स्थिति है। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद