मशाल की रोशनी में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, भीलवाड़ा में निकली सेवा ज्योति यात्रा

 






भीलवाड़ा, 07 अक्टूबर (हि.स.)। विकसित भारत संकल्प सभा के तहत बुधवार को भीलवाड़ा शहर में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। अग्रवाल उत्सव भवन से उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने मशाल ज्योति प्रज्ज्वलित कर यात्रा को रवाना किया। इससे पहले उप मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों और मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव उद्बोधन सुना।

यात्रा के शुभारंभ से पहले जनसमूह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि आगामी 25 वर्ष जनसेवा से राष्ट्रसेवा, सेवा, समर्पण और सुशासन के हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से देश की दिशा और दशा में बदलाव आया है और इसी संकल्प के साथ वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में आगे बढ़ाया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के प्रत्येक जिले और अंतिम छोर पर रहने वाले आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

बैरवा ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा अधिकाधिक लोगों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है।

यात्रा अग्रवाल उत्सव भवन से रवाना होकर महात्मा गांधी चिकित्सालय रोड, सेवा सदन, सूचना केंद्र और बालाजी मार्केट होते हुए गोल प्याऊ चौराहा पहुंची। यहां मशाल स्थापित कर यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि विष्णु चेचाणी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमाणी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी, महिलाएं और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने उप मुख्यमंत्री बैरवा का उपरना पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रहलाद त्रिपाठी ने किया।

समारोह के अंत में राज्य स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का उप मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने मंच पर सम्मान किया। आयोजन को सफल बनाने में कुलदीप शर्मा, विशाल गुरुजी, गोपाल तेली, ललित अग्रवाल, अंकुर बोरदिया, सुरेंद्रसिंह मोटरास, मंजू चेचाणी, आरती कोगटा, ऋतुशेखर शर्मा और मुकेश सोनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद