पत्नी की हत्या, फिर पति ने लगा ली फांसी
भीलवाड़ा, 06 जुलाई (हि.स.)। भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के आमली बरड़ोद गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। साडू के घर ठहरे एक दंपती के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला, जबकि उसका पति फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अन्य सभी पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील बेड़ा ने बताया कि बड़लियास थाना क्षेत्र के बनकाखेड़ा निवासी कालू जाट (30) अपनी पत्नी दुर्गा देवी (28) के साथ रविवार शाम करीब सात बजे आमली बरड़ोद स्थित अपने साडू जगदीश जाट के घर मिलने आए थे। दोनों ने परिवार के साथ भोजन किया और रात वहीं रुके।
सोमवार सुबह जगदीश जाट, उसकी पत्नी और दुर्गा देवी खेत में गुलाब के फूल तोड़ने के लिए निकले। रास्ते में कालू का फोन आया कि बच्चे की तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें तुरंत घर लौटना है। इस पर जगदीश दुर्गा को वापस घर छोड़ने आया। बताया जा रहा है कि जगदीश ने घर पर ताला लगाने की बात कही, लेकिन दंपती ने कहा कि वे स्वयं निकल जाएंगे। इसके बाद जगदीश खेत लौट गया। कुछ समय बाद जब वह वापस आया तो घर के अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए।
कमरे में दुर्गा देवी का शव बेड पर पड़ा था, जबकि कालू का शव ओढ़नी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही हमीरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर हमीरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना की सूचना मृतक कालू के परिजनों को बनकाखेड़ा तथा दुर्गा के पीहर मंडफिया क्षेत्र के सालरिया गांव में दी गई।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कालू ने पहले अपनी पत्नी का गला दबाया तथा लोहे की पट्टी (फेट) से हमला कर उसकी हत्या की। इसके बाद उसने ओढ़नी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
पुलिस एसएचओ का कहना है कि मामला अत्यंत संवेदनशील है। दंपती के बीच किसी प्रकार का विवाद, पारिवारिक तनाव या अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों और संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
एक साथ पति-पत्नी की मौत की खबर फैलते ही आमली बरड़ोद और बनकाखेड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। हर कोई यह जानने की कोशिश करता रहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि खुशहाल दिखने वाले इस परिवार पर इतनी बड़ी त्रासदी टूट पड़ी। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद