मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को भीलवाड़ा में करेंगे रोड शो

 






भीलवाड़ा, 4 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार, 5 सितंबर को भीलवाड़ा पहुंचेंगे और नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

भाजपा जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे सांगानेरी गेट स्थित श्री दूधाधारी गोपाल मंदिर से रोड शो शुरू करेंगे। रोड शो बड़ा मंदिर होते हुए महाराणा टॉकीज चौराहे तक जाएगा। इसमें जिले के जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, पार्षद प्रत्याशी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

भाजपा के अनुसार मुख्यमंत्री नगर निगम सहित जिले की 10 नगर पालिकाओं के पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी प्रचार करेंगे। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे, जहां पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी। बैठक में निकाय चुनाव की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10.50 बजे जयपुर से रवाना होकर 11.50 बजे भीलवाड़ा पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद रोड शो सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2.10 बजे भीलवाड़ा से उदयपुर के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सांसद दामोदर अग्रवाल, नगर निगम प्रभारी वीरमदेव सिंह, जिला संगठन सह प्रभारी मिठूलाल जाट, विधायक अशोक कोठारी, उदयलाल भडाना, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी तथा जिला महामंत्री अविनाश जीनगर और कन्हैयालाल जाट सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में रोड शो के मार्ग, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और संगठनात्मक बैठक की तैयारियों पर चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद