अलवर के भर्तृहरि धाम में आज से तीन दिवसीय मेला, श्रद्धालुओं की उमड़ेगी भीड़

 






अलवर, 17 सितंबर (हि.स.)। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भर्तृहरि धाम में बाबा भर्तृहरि का तीन दिवसीय मेला आज से शुरू होगा। मेले को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देशभर से नाथ संप्रदाय के साधु-संतों के भी मेले में पहुंचने की संभावना है।

मेले में हर साल करीब एक लाख श्रद्धालु भर्तृहरि बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मेले के दौरान भर्तृहरि मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन होंगे।

मेले के दौरान तीर्थयात्रियों के वाहनों की नो एंट्री रहेगी। चारपहिया वाहनों को संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास रोका जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को करीब 3 किलोमीटर पैदल चलकर भर्तृहरि मंदिर तक पहुंचना होगा।

जयपुर-अलवर मार्ग पर भर्तृहरि तिराहे से करीब 500 मीटर पहले बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मेले को देखते हुए रोडवेज की ओर से भी विशेष बस सेवा शुरू की गई है। 17 सितंबर की सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक भर्तृहरि के लिए विशेष बसें चलेंगी। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर बस सेवाओं की संख्या बढ़ाने की भी व्यवस्था रखी गई है।

मत्स्य नगर आगार के मुख्य प्रबंधक कुलदीप शर्मा के अनुसार, मेले के लिए 19 सितंबर तक करीब 50 बसें संचालित की जाएंगी। बस स्टैंड पर दो अलग से टिकट विंडो खोली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुशालगढ़ पर निगम की ओर से चेकपोस्ट भी लगाई गई है।

दुपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए अलवर-जयपुर मार्ग पर भर्तृहरि तिराहे से करीब 600 मीटर पहले पार्किंग स्थल बनाया गया है। चारपहिया वाहनों के लिए बंजारा होटल के पास पार्किंग व्यवस्था की गई है।

मेले के दौरान पार्किंग शुल्क भी निर्धारित किया गया है। दुपहिया वाहन के लिए 20 रुपये, मोटरसाइकिल के लिए 10 रुपये, मोटरसाइकिल व स्कूटर के लिए 20 रुपये तथा चारपहिया वाहन के लिए 50 रुपये शुल्क रखा गया है।

मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए पुलिस, प्रशासन, मेडिकल और अग्निशमन टीमों की तैनाती की गई है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और सुचारू दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं।

मेले में प्रसाद, पूजा सामग्री, श्रृंगार सामग्री सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें भी सजाई गई हैं। भर्तृहरि धाम का यह धार्मिक मेला 19 सितंबर तक चलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार