भारतीय मजदूर संघ का 72वां स्थापना दिवस: गांव-गांव तक संगठन विस्तार का आह्वान
जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ का 72वां स्थापना दिवस गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में उत्साह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा मुख्य अतिथि तथा संगठन के वरिष्ठ राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व राष्ट्रीय वित्त सचिव एस.के. राठौर मुख्य वक्ता रहे।
एस.के. राठौर ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ एक गैर-राजनीतिक श्रमिक संगठन है, जो समर्पित कार्यकर्ताओं की बदौलत आज विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन चुका है। विधायक गोपाल शर्मा ने संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी और डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के योगदान को याद करते हुए रोडवेज सहित सार्वजनिक उपक्रमों की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री हरिमोहन शर्मा ने तहसील स्तर पर नए कार्यकर्ता तैयार कर गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी अक्षय कुमार मीणा ने किया, जबकि जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह गुर्जर ने आभार व्यक्त किया। स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जयंती लाल, महेंद्र सैनी, विकास तिवारी, यतेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश