फलोदी में कलेक्ट्रेट का घेराव, बाजार रहे बंद

 


जोधपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। बहुचर्चित भंवरी देवी हत्याकांड का तीन सप्ताह बाद भी खुलासा नहीं हो पाया है। हत्या के खुलासे की मांग को लेकर लोहावट थाने के आगे लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। खुलासा ना होने पर मंगलवार को फलोदी में जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान शहर के नागौर चौराहे पर सभा का आयोजन भी किया गया। इसमें लोहावट के पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। घेराव व सभा के दौरान फलोदी के बाजार बंद रहे।

दरअसल लोहावट में गत 27 जुलाई की रात घर के आंगन में सो रही भंवरी विश्नोई (32) की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मां को बचाने दौड़ीं दोनों बेटियां रामज्योति (16) और सोनू (10) पर भी बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया था, जिससे वह दोनों घायल हो गईं। बड़ी बेटी को गंभीर हालत में इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया था। हत्या के बाद 28 जुलाई को मामले के खुलासे की मांग को लेकर ग्रामीण और सर्व समाज के लोग पुलिस थाने के आगे धरने पर बैठे। इसी दिन मामले को लेकर राज्य सरकार की ओर से एसआईटी का गठन किया गया था। जोधपुर रेंज आईजी ने हत्याकांड की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की थी। लगातार 3 दिन चले धरने के बाद 31 जुलाई को पुलिस ने 5 दिन में मामले के खुलासे का आश्वासन दिया।

इस पर ग्रामीणों ने धरना उठा लिया। आश्वासन के बाद 5 दिन में मामले का खुलासा नहीं हुआ तो पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई ने 6 अगस्त को लोहावट थाने के आगे आमरण अनशन शुरू कर दिया। इसके बाद भी कार्रवाई ना होने पर 12 अगस्त को हजारों की संख्या में लोगों ने नंगे पैर रैली निकाली। प्रदर्शनकारी धरना स्थल से मुख्य बाजार, बद्री चौराहा, रेलवे स्टेशन, निंबाराम सर्किल होते हुए वापस धरना स्थल पर पहुंची।

12 अगस्त को पूर्व विधायक के साथ आमरण अनशन करने वालों की संख्या 115 हो गई। इसके बाद अनशन के 10वें दिन 15 अगस्त को पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। शाम 5 बजे मृतका भंवरी देवी विश्नोई की छोटी बेटी सोनू के विशेष आग्रह पर विश्नोई ने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया। सोनू ने उन्हें जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। अनशन समाप्त होने के बाद भी लोहावट थाने के बाहर धरना जारी है। अब खुलासे की मांग को लेकर आज जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया गया। संभा में मंच पर भंवरी देवी की छोटी बेटी सोनू और परिवार के सदस्यों सहित, पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई, कुंभ सिंह पातावत, पूर्व सरपंच भागीरथ बेनीवाल, सहित कई लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश