मुख्यमंत्री की खैरथल यात्रा को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा
खैरथल-तिजारा, 27 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सोमवार को खैरथल स्थित ग्रीनलैंड में प्रस्तावित यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने रविवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपैड निर्माण, सभा स्थल पर डोम, विद्युत एवं जलापूर्ति समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यक्रम के दौरान अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों के 110 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा गया।बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह, डिप्टी एसपी नेहा, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार