दो शुभ योगों में बुधवार काे मनेगा भैया दूज का पर्व: बहनें करेंगी भाइयों के माथे पर तिलक
जयपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भैया दूज यानी यम द्वितीया का पर्व बुधवार, 11 नवंबर को मनाया जाएगा। इस बार पर्व पर अमृत सर्वार्थ सिद्धि योग और राजयोग का संयोग रहेगा। कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करेंगी।
पंडित राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि द्वितीया तिथि का समापन बुधवार दोपहर 3:54 बजे होगा। भाई को तिलक लगाने के लिए सुबह 8:05 से 9:24 बजे तक, सुबह 10:46 से दोपहर 12:08 बजे तक तथा दोपहर 2:52 से शाम 5:37 बजे तक शुभ समय रहेगा।
उन्होंने बताया कि यम द्वितीया पर स्नान का विशेष महत्व है। इस दिन यमुना स्नान करने की परंपरा भी प्रचलित है। पर्व पर भगवान गणेश, भगवान विष्णु और यमराज का स्मरण कर पूजा-अर्चना की जाती है। पूजा की थाली में रोली, चंदन, अक्षत, फूल, मिठाई, दीपक और नारियल रखे जाते हैं। इसके बाद भाई को पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुख करके आसन पर बैठाया जाता है। बहनें उसके माथे पर रोली-अक्षत से तिलक लगाकर हाथ में कलावा बांधती हैं, आरती उतारती हैं और मिठाई खिलाती हैं। भाई भी बहनों के सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें उपहार भेंट करते हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार यम द्वितीया पर बहन के घर भोजन करने और उसके हाथों तिलक करवाने से भाई को सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है। इसी मान्यता के चलते इस दिन भाई अपनी बहनों के घर जाकर उनके साथ पर्व मनाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश