अलवर में भाईदूज पर बहनों का वंदन कार्यक्रम, वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने 4 हजार से अधिक बहनों को भेंट किए उपहार

 








अलवर , 17 नवंबर (हि.स.)। अलवर में मंगलवार काे आयाेजित भाईदूज कार्यक्रम के तहत ‘बहनों का वंदन (आत्मीयता का अभिनंदन)’ कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने चार हजार से अधिक बहनों को शगुन स्वरूप उपहार भेंट किए। इस दौरान बहनों ने तिलक लगाकर वन राज्यमंत्री को शुभाशीष दिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में सर्वसमाज की बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने सभी बहनों का आत्मीयता से वंदन करते हुए उन्हें भाईदूज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाईदूज का पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक है। इस अवसर पर बहनों की ओर से मिले स्नेह और आशीर्वाद को उन्होंने अपना सौभाग्य बताया।

वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार मातृशक्ति के सशक्तीकरण और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। देश के चहुंमुखी विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार द्वारा लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लाडो प्रोत्साहन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम मुद्रा योजना, राजीविका एवं अन्य योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही रसोई गैस सब्सिडी योजना के तहत पात्र परिवारों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में अलवर नगर निगम की महापौर सुमनलता अग्रवाल, उप महापौर अजय पूनिया, सरस डेयरी अध्यक्ष नितिन सांगवान, पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर, बबीता शर्मा, सुनीता खाम्बरा, सतीश यादव, जितेंद्र सैनी, जितेंद्र राठौड़, पूर्व सभापति अशोक खन्ना सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार