चारों धामों में कथा आयोजन का लिया संकल्प : बद्रीनाथ धाम में 3 से 9 अक्टूबर तक होगी श्रीमद् भागवत कथा
बीकानेर, 01 अगस्त (हि.स.)। सनातन धर्म रक्षा समिति बीकानेर द्वारा आगामी 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 तक बद्रीनाथ धाम में श्रीबालाजी सेवाधाम पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर आचार्य बजरंग दास जी महाराज की मधुर वाणी से भव्य श्रीमद् भागवत कथा एवं विष्णु कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा को लेकर सनातन धर्म रक्षा समिति की ओर से तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।
सनातन धर्म रक्षा समिति बीकानेर के संस्थापक सुरेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि समिति द्वारा भारत के चारों धामों में धार्मिक कथा आयोजन का संकल्प लिया गया है। इसी संकल्प के प्रथम चरण के रूप में बद्रीनाथ धाम से श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ किया जा रहा है। इसके पश्चात रामेश्वरम, जगन्नाथ पुरी एवं द्वारका धाम में भी कथा का आयोजन कर देशभर के श्रद्धालुओं को भारत के चारों धामों से जोड़ने तथा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार एवं धार्मिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
राजपुरोहित ने बताया कि बद्रीनाथ धाम में आयोजित होने वाली श्रीमद् भागवत कथा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए 1 सितंबर 2026 तक सनातन धर्म रक्षा समिति बीकानेर के पास पंजीयन करवाना अनिवार्य होगा। श्रद्धालुओं को 30 सितंबर तथा 1 एवं 2 अक्टूबर तक अपने संसाधनों से हरिद्वार पहुंचना होगा। इसके बाद हरिद्वार से बद्रीनाथ धाम तथा बद्रीनाथ धाम से पुनः हरिद्वार तक आने-जाने की व्यवस्था समिति द्वारा की जाएगी।
बद्रीनाथ धाम में पंजीकृत श्रद्धालुओं के लिए समिति की ओर से आवास, भोजन, चाय एवं नाश्ते की समुचित व्यवस्था भी की गई है, ताकि देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु कथा का आध्यात्मिक लाभ सहज एवं सुविधापूर्वक प्राप्त कर सकें।
कथा आयोजन के शुभारंभ से पूर्व 2 अक्टूबर को शाम 5 बजे बद्रीनाथ भगवान मंदिर से कथा स्थल सच्चा अन्न क्षेत्र तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इसके पश्चात 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक महामंडलेश्वर आचार्य बजरंग दास जी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद् भागवत कथा एवं विष्णु कथा का वाचन किया जाएगा।
सनातन धर्म रक्षा समिति के संस्थापक सुरेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने देशभर के श्रद्धालुओं से इस आध्यात्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करने एवं सनातन संस्कृति के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव