भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस एक अप्रैल से फिर पूरे रूट पर चलेगी
जोधपुर, 04 मार्च (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने भगत की कोठी-जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस को एक अप्रेल से पुन: अपने पूर्व निर्धारित मार्ग पर संचालित करने का निर्णय लिया है। लंबे समय से आंशिक रूप से रद्द चल रही यह ट्रेन अब फिर से जोधपुर से जम्मू तक सीधी सेवा दे सकेगी।
जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में पिछले वर्ष हुई भारी बारिश के कारण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा था। विशेष रूप से ब्रिज संख्या-17 पर आई तकनीकी समस्या के चलते ट्रेन संख्या 14803/14804 को पठान कोट से जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के बीच 31 मार्च तक आंशिक रूप से रद्द करना पड़ा था। इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।रेलवे अधिकारियों के अनुसार कठुआ और माधोपुर स्टेशनों के बीच आवश्यक मरम्मत और तकनीकी सुधार कार्य अब लगभग पूरा कर लिया गया है। सुरक्षा मानकों की समीक्षा के बाद ट्रेन को पुन: पूरे मार्ग पर चलाने का निर्णय लिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत ट्रेन संख्या 14803 भगत की कोठी-जम्मू तवी एक्सप्रेस 1 अप्रेल से जोधपुर से रवाना होगी। वहीं, वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 14804 जम्मू तवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस 2 अप्रेल से नियमित रूप से संचालित की जाएगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन के लिए अग्रिम आरक्षण भी प्रारंभ कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश