भगत की कोठी-बांद्रा स्पेशल के चार ट्रिप बढ़ाए
जोधपुर, 02 नवम्बर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा के संचालन में चार ट्रिप का विस्तार किया है। इससे नवंबर में भी यात्रियों को मुंबई आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलती रहेगी।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार ट्रेन संख्या 04827 भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल भगत की कोठी से 7 से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को सुबह 11.30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7.25 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 04828 बांद्रा टर्मिनस-भगत की कोठी स्पेशल 8 से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को सुबह 10.30 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4.30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, रानी, फालना, सुमेरपुर, जवाई बांध, पिंडवाड़ा, आबू रोड, पालनपुर, महेसाना, साबरमती बीजी, वडोदरा, भरूच, सूरत, वापी और बोरीवली स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
मरुधर एक्सप्रेस का ईदगाह स्टेशन पर समय बदला
मरुधर एक्सप्रेस का ईदगाह रेलवे स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान समय आंशिक रूप से बदल गया है। यात्रियों को अब स्टेशन पर ट्रेन के संशोधित समय का ध्यान रखना होगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार उत्तर मध्य रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के तहत जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस के दोनों दिशाओं में समय में बदलाव किया गया है। संशोधित समय के अनुसार ट्रेन संख्या 14854/14864/14866 जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस ईदगाह स्टेशन पर पहले शाम 5.58 बजे पहुंचती थी, अब 5.55 बजे पहुंचेगी और शाम 6 बजे रवाना होगी।
इसी प्रकार वापसी में ट्रेन संख्या 14853/14863/14865 वाराणसी सिटी-जोधपुर मरुधर एक्सप्रेस ईदगाह स्टेशन पर पहले सुबह 7.02 बजे पहुंचती थी। अब यह सुबह 7 बजे पहुंचेगी और 7.05 बजे प्रस्थान करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश