सोशल मीडिया पर फर्जी रेलवे भर्ती विज्ञापनों से सावधान रहें : कोटा मंडल ने जारी की चेतावनी

 


काेटा, 05 जून (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने आमजन को सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे फर्जी रेलवे भर्ती विज्ञापनों से सतर्क रहने की सलाह दी है। मंडल के संज्ञान में आया है कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोटा जंक्शन रेलवे स्टेशन भर्ती 2026 जैसे भ्रामक शीर्षकों के साथ नकली विज्ञापन प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से बेरोजगार युवाओं को रेलवे में नौकरी का झांसा देकर आर्थिक ठगी का प्रयास किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि भारतीय रेलवे में सभी भर्तियां निर्धारित नियमों एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत केवल रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) तथा रेलवे भर्ती सेल (आरआरसी) के माध्यम से की जाती हैं। रेलवे किसी भी पद पर सीधी भर्ती, बिना परीक्षा नियुक्ति अथवा निजी माध्यम से चयन जैसी कोई प्रक्रिया नहीं अपनाती है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे बिना परीक्षा भर्ती, डायरेक्ट इंटरव्यू, तुरंत नियुक्ति अथवा कम शैक्षणिक योग्यता पर नौकरी जैसे दावों वाले विज्ञापन पूरी तरह फर्जी एवं भ्रामक हैं। इन विज्ञापनों में रेलवे का नाम, लोगो अथवा स्टेशन के नाम का अनधिकृत उपयोग कर लोगों को भ्रमित किया जाता है। ऐसे विज्ञापनों का भारतीय रेलवे अथवा कोटा मंडल से कोई संबंध नहीं है।

रेल प्रशासन ने युवाओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी भर्ती संबंधी सूचना की सत्यता आधिकारिक स्रोतों से अवश्य जांच लें तथा किसी भी व्यक्ति या संस्था को नौकरी के नाम पर धनराशि का भुगतान न करें। यदि किसी को इस प्रकार का संदिग्ध विज्ञापन प्राप्त होता है तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर दें तथा संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इसकी शिकायत दर्ज कराएं।

रेलवे भर्ती संबंधी सभी प्रामाणिक एवं अद्यतन जानकारी केवल भारतीय रेलवे तथा रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध होती है। आमजन से अनुरोध है कि भर्ती संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव