सूरतगढ़ विद्युतगृह की 2x660 मेगावाट क्षमता की इकाईयों का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

 


जयपुर, 12 मई (हि.स.)। राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के सूरतगढ़ तापीय विद्युत गृह की कुल 1320 मेगावाट क्षमता की 2 सुपरक्रिटिकल इकाईयों ने वित्त वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने ऊर्जा विभाग एवं उत्पादन निगम के प्रबन्धन को बधाई देते हुए बताया कि सूरतगढ़ तापीय विद्युत गृह की सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित 2x660 मेगावाट क्षमता की इकाई 7 एवं 8 से वाणिज्यिक उत्पादन क्रमश: दिनांक 1.12.2020 एवं 7.10.2021 को प्रारंभ हुआ था। प्रारंभिक अवधि में इन इकाईयों में कुछ तकनीकी खामिया थीं, जिन्हें लगातार प्रयास कर सफलतापूर्वक दूर किया गया। इन सतत सुधारात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही (जनवरी 2026 से मार्च 2026) के दौरान दोनों सुपरक्रिटिकल इकाईयों ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए ऊर्जा सचिव सुश्री आरती डोगरा ने उत्पादन निगम के अभियंताओं एवं कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की एवं बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की चतुर्थ तिमाही के दौरान सूरतगढ़ तापीय विद्युत गृह की दोनों सुपरक्रिटिकल इकाईयों से 95.46 प्रतिशत उपलब्धता प्राप्त करते हुए राज्य में बढ़ती विद्युत मांग की आपूर्ति में स्टेट लोड डिस्पेच सेन्टर (एलडी) से सामंजस्य रखते हुए सराहनीय योगदान दिया। सुपरक्रिटिकल इकाईयों में स्पेसिफिक ऑयल खपत निर्धारित मांपदडों से भी कम रहा जिससे उपभोक्ताओं को कम लागत पर विद्युत उपलब्ध करवाना सम्भव हो सका।

राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक देवेन्द्र श्रृंगी ने भविष्य में भी इसी प्रकार सभी विद्युत इकाइयों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर