सुरक्षा ड्यूटी को लेकर बेनीवाल ने खोला मोर्चा : गृह मंत्री और मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
जयपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजस्थान पुलिस के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ पुलिस अधिकारियों की हठधर्मिता और दुर्भावनापूर्ण कार्यशैली के चलते उन्होंने अपनी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी को शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन भेज दिया।
बेनीवाल ने आरोप लगाया कि बिना पुलिस अधीक्षक वाले नागौर जिले में पुलिस व्यवस्था संभाल रहे अधिकारियों तथा रिजर्व पुलिस लाइन के जिम्मेदार कार्मिकों ने जानबूझकर गंभीर बीमारियों से ग्रसित पुलिसकर्मियों की ड्यूटी उनकी सुरक्षा में लगा दी। उन्होंने इसे न केवल उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताया, बल्कि यह भी आरोप लगाया कि किसी संभावित अप्रिय घटना अथवा पुलिसकर्मी के स्वास्थ्य संबंधी संकट की स्थिति में उन्हें अनावश्यक रूप से जिम्मेदार ठहराकर उनकी सार्वजनिक छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
सांसद बेनीवाल ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर अवगत कराया है तथा मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पहले सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन आज तक यह नहीं बताया गया कि उन्हें किससे खतरा था। वहीं, जब सुरक्षा वापस ली गई तो इसका कारण भी स्पष्ट नहीं किया गया। बेनीवाल ने सवाल उठाया कि यदि उन्हें पहले खतरा था तो वह अब समाप्त कैसे हो गया और सुरक्षा हटाने का आधार क्या रहा।
बेनीवाल ने कहा कि यह मामला केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा प्रणाली से जुड़ा गंभीर विषय है, जिस पर सरकार और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश