बंगाली समाज ने महाअष्टमी मां दुर्गा को चढ़ाया 56 भोग

 


जोधपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाली समाज की ओर से कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर 9 स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत महाअष्टमी पूजा श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। सुबह सूर्योदय के पश्चात शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठानों में समाज के लोगों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाम को संध्या आरती, पारंपरिक धुनुची नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को विशेष बना दिया।

बंगाली समाज के प्रवक्ता सुमन विश्वास ने बताया कि महाअष्टमी पूजा का अनुष्ठान कोलकाता से आए पंडित शिबू मिश्रा के सान्निध्य में सुबह से शाम तक चला। पूजा के पश्चात श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद मां दुर्गा के साथ विराजमान भगवान शिव, गणेश, माता लक्ष्मी, कार्तिकेय और माता सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान शस्त्र पूजा भी की गई।

महाअष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा को महाभोग अर्पित किया गया तथा छप्पन भोग चढ़ाया गया। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूजा के दौरान समाज की महिलाओं ने पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों के अनुसार उल्लू ध्वनि की, वहीं बंगाल के प्रसिद्ध ढाक की थाप से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। मां दुर्गा के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।

धुनुची नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

संध्या आरती के दौरान समाज के लोगों ने पारंपरिक धुनुची नृत्य प्रस्तुत किया। इसके पश्चात शाम 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ, जो मध्यरात्रि तक चला। कार्यक्रम में कोलकाता से आए प्रसिद्ध कलाकारों के साथ बंगाली समाज के बच्चों और जोधपुर के स्थानीय कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महाअष्टमी पूजा के दौरान समाज के अनेक सदस्य, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे। पूरे आयोजन में बंगाली संस्कृति, परंपरा और मां दुर्गा के प्रति आस्था की झलक देखने को मिली।

महानवमी और कुमारी पूजा

बंगाली समाज की ओर से बताया गया कि इस बार महाअष्टमी दो दिन होने के कारण 20 अक्टूबर को महानवमी पूजा एवं कुमारी पूजा का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही दुर्गा पूजा महोत्सव के आगामी धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालु भाग लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश