बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस इलेक्ट्रिक इंजन से दौड़ेगी

 


जोधपुर, 17 सितम्बर (हि.स.)। रेल यात्रियों के लिए सुविधाजनक और सुगम रेल संचालन की दिशा में रेलवे ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बाड़मेर-ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस ट्रेन को अब पूरे मार्ग पर इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में यह ट्रेन बाड़मेर से बठिंडा के बीच इलेक्ट्रिक तथा बठिंडा से ऋषिकेश के बीच डीजल इंजन से संचालित हो रही है। नई व्यवस्था के बाद बठिंडा में इंजन बदलने की जरूरत नहीं होगी।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्री सुविधा और सुगम रेल संचालन को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 14888/14887 को एंड-टू-एंड इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन से चलाया जाएगा इससे ट्रेन संचालन में लगने वाले समय में कमी आएगी और यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 14888 बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस में नई व्यवस्था 18 सितंबर तथा ट्रेन संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस में 20 सितंबर से प्रभावी होगी। वर्तमान में बठिंडा स्टेशन पर इलेक्ट्रिक से डीजल इंजन बदलने की प्रक्रिया की जाती है। नई व्यवस्था के बाद 14888 और 14887 पूरे मार्ग पर इलेक्ट्रिक इंजन से चलेंगी। इससे बठिंडा में इंजन परिवर्तन में लगने वाले समय की बचत होगी और ट्रेन का संचालन अधिक सुगम होगा। साथ ही इलेक्ट्रिक कर्षण को बढ़ावा मिलने से ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण संरक्षण को भी गति मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश