सतह्र जुलाई तक 13 ट्रिप करेगी बाड़मेर-हरिद्वार समर स्पेशल ट्रेन

 


जोधपुर, 02 जून (हि.स.)। गर्मी की छुट्टियों में हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे द्वारा संचालित बाड़मेर-हरिद्वार-बाड़मेर समर हॉलीडे द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 17 जुलाई तक किया जाएगा। ट्रेन के 13 ट्रिप से पश्चिमी राजस्थान के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त मांग को ध्यान में रखते हुए यह ट्रेन संचालित की जा रही है जिससे यात्रियों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 04811 बाड़मेर-हरिद्वार समर स्पेशल 16 जुलाई तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को बाड़मेर से सुबह 4.15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4.10 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 04812 हरिद्वार-बाड़मेर समर स्पेशल 17 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को हरिद्वार से सुबह 5.15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 7.30 बजे बाड़मेर पहुंचेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 18 कोच लगाए गए हैं। इनमें 1 सेकंड एसी, 6 थर्ड एसी, 5 स्लीपर और 4 जनरल कोच शामिल हैं। इससे विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को यात्रा का विकल्प मिलेगा।

ट्रेन दोनों दिशाओं में बायतु, बालोतरा, समदड़ी, दूंदाड़ा, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर, लालगढ़, लूणकरणसर, अरजनसर, रजियासर, सूरतगढ़, पीलीबंगा, हनुमानगढ़, मंडी डबवाली, बठिंडा, धुरी, अंबाला कैंट और सहारनपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे के अनुसार इस ट्रेन के संचालन से बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को हरिद्वार सहित उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध हो रही है। गर्मी की छुट्टियों और धार्मिक यात्राओं के दौरान यह ट्रेन यात्रियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश