हाईकोर्ट में 60 फीसदी और सेशन कोर्ट में 76 फीसदी हुआ मतदान
जयपुर, 04 मई (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट की हाई पावर्ड कमेटी के निर्देश पर बार कौंसिल ऑफ राजस्थान के जयपुर में हाईकोर्ट व सेशन कोर्ट परिसर सहित जोधपुर और रायसिंहनगर मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान सोमवार को शांतिपूर्वक तरीके से हुआ।
हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में करीब 60 फीसदी मतदान हुआ। यहां कुल 14,781 मतदाताओं में से 8,866 मतदाताओं ने मतदान किया। जबकि सेशन कोर्ट परिसर स्थित मतदान केन्द्र पर 78.46 फीसदी मतदान हुआ और यहां पर 5496 मतदाताओं में से 4312 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसके अलावा जोधपुर में कुल 7,792 पंजीकृत मतदाताओं में से 5,049 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर मतदान केन्द्र पर सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया। यहां कुल 212 मतदाताओं में से 195 अधिवक्ताओं ने मतदान किया गया। हाईकोर्ट पोलिंग बूथ के अतिरिक्त चुनाव अधिकारी दिनेश पाठक ने बताया कि बीसीआर चुनाव को निष्पक्ष व पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। हाईकोर्ट परिसर में चुनाव को सही तरीके से करवाने के लिए 800 कर्मियों व वकीलों की टीम बनाई गई थी। चुनाव संचालन टीम ने बीसीआर के 22 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान हुई अव्यवस्थाओं से सबक लेते हुए चुनाव करवाने के लिए पुख्ता इंजताम किए ताकि किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हो। मतदान केन्द्रों के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी से सख्ती से निपटा जा सके। चुनाव में सहयोग के लिए 20 सीनियर एडवोकेट की भी विशेष कमेटी बनाई गई थी। गौरतलब है कि हाईकोर्ट व सेशन कोर्ट में 22 अप्रैल को हुए बीसीआर चुनाव के मतदान में अव्यवस्था व फर्जी वोटिंग होने के चलते हाई पावर्ड कमेटी ने इन दोनों जगहों सहित प्रदेश में चार जगहों पर हुए मतदान को रद्द कर दिया था और इन जगहों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारीक