चित्तौड़गढ़ में 19 मई से होगा बजरंग दल का सात दिवसीय प्रान्तीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग

 


चित्तौड़गढ़, 04 मई (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद के युवा आयाम बजरंग दल, चित्तौड़ प्रान्त का सात दिवसीय प्रान्तीय स्तरीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग 19 मई से चित्तौड़गढ़ में आयोजित होगा। शक्ति, भक्ति, त्याग और बलिदान की केसरिया भूमि पर होने वाले इस प्रशिक्षण शिविर की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।

चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर स्थित विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, भोईखेड़ा में यह विशाल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। तैयारियों को लेकर चित्तौड़गढ़ की ऋतुराज वाटिका में विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रांत मंत्री कौशल गौड़, प्रांत सह मंत्री सुंदर लाल कटारिया, विभाग मंत्री विश्वनाथ टांक और जिला अध्यक्ष किशन पिछोलिया उपस्थित रहे। बजरंग दल के जिला संयोजक मनोज साहू ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह वर्ग हिंदू युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और शौर्य के भाव को जागृत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर 19 मई 2026 की दोपहर से विधिवत प्रारंभ होकर 26 मई तक पूर्ण अनुशासन के साथ संचालित होगा। इस शिविर में चित्तौड़ प्रान्त के अंतर्गत आने वाले उदयपुर, बांसवाड़ा, राजसमंद और चित्तौड़गढ़ विभाग के सैकड़ों कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। वर्ग के दौरान पूरे सात दिनों तक कार्यकर्ता विद्यालय परिसर में ही निवास करेंगे और कठोर दिनचर्या का पालन करेंगे। शिविर की दैनिक दिनचर्या सूर्योदय से पूर्व प्रारंभ होगी। प्रशिक्षणार्थियों को आत्मरक्षा के आधुनिक और पारंपरिक गुर सिखाए जाएंगे। इसमें दंड युद्ध, कुश्ती, जूडो-कराटे, योग और बाधा पार करने जैसे साहसिक खेलों का सघन अभ्यास कराया जाएगा। शारीरिक सुदृढ़ता के साथ-साथ युवाओं के बौद्धिक विकास के लिए विशेष सत्र आयोजित होंगे। इनमें विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के प्रान्तीय एवं राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष पदाधिकारियों का मार्गदर्शन मिलेगा। सत्रों में राष्ट्र की वर्तमान चुनौतियों, गौरवशाली इतिहास और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

प्रशिक्षण वर्ग के समापन की पूर्व संध्या पर चित्तौड़गढ़ नगर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य पथ संचलन निकाले जाने की भी योजना है। इसमें पूर्ण गणवेश में सजे युवा अपने शौर्य का प्रदर्शन करेंगे। तैयारियों की समीक्षा बैठक में जिला मंत्री शेखर सोनी, भरत पालीवाल, नगर मंत्री अभिनंदन काबरा, नगर उपाध्यक्ष ज्ञानमल खटिक, सह मंत्री सुमित हेडा, महावीर किर, मोहित अरोड़ा, नगर संयोजक पंकज जीनगर, आशीष वैष्णव, सागर व्यास, बबलेश शर्मा सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल