आयुर्वेद विश्वविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रस्तावों का अनुमोदन
जोधपुर, 18 जून (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय में कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल की अध्यक्षता में विद्या परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, अनुसंधान, संबद्धता एवं प्रशासनिक कार्यों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण एजेण्डा बिन्दुओं पर विचार-विमर्श कर आवश्यक अनुमोदन प्रदान किए गए।
बैठक में सत्र 2026-27 विश्वविद्यालय से संबद्ध आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी, योग, बीएससी नर्सिंग (आयुर्वेद) एवं बीएनवाईएस महाविद्यालयों की संबद्धता, निरीक्षण प्रक्रिया, साथ ही नवीन महाविद्यालयों की स्थापना एवं संबद्धता के लिए निर्धारित आवेदन एवं निरीक्षण प्रारूपों पर भी स्वीकृति प्रदान की गई।
विद्या परिषद द्वारा प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विषय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारम्भ करने आवश्यक न्यूनतम मानक एवं मानदण्डों (एमएसआर) तथा विभिन्न विषयों के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के अनुमोदन पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त सेमीऑनलाइन पोस्ट ग्रेजुएट सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम, नाड़ी परीक्षण सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम तथा उद्यमपरक चिकित्सा इकाई के अंतर्गत संचालित विभिन्न प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के संचालन संबंधी प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी से प्राप्त प्रस्तावों, विश्वविद्यालय की गोपनीय एवं परीक्षा शाखा से संबंधित विषयों तथा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक संकाय सदस्यों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं शोध परियोजनाओं में सहभागिता हेतु अनुमतियों से संबंधित प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श कर किया गया।
बैठक में वित्त नियंत्रक एवं कार्यवाहक कुलसचिव अतुलबल रत्नू, डीन फैकल्टी आयुर्वेद प्रोफेसर महेन्द्र कुमार शर्मा, डीन होम्योपैथी प्रोफेसर जयराम चौधरी, डीन यूनानी प्रोफेसर आजम अंसारी, प्रोफेसर शिवकुमार भारद्वाज, संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय अधीक्षक प्रो ए नीलिमा रेड्डी, बोर्ड ऑफ स्टडी अध्यक्ष प्रो.गोविंद प्रसाद गुप्ता, मदन मोहन मालवीय आयुर्वेद महाविद्यालय के प्रोफेसर किशोरी लाल शर्मा, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर के प्रोफेसर महेंद्र प्रजापति, उपकुलसचिव डॉ मनोज कुमार अदलखा, विभागाध्यक्ष पंचकर्म डॉ ज्ञानप्रकाश उपस्थिति रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश