जीवनशैली जन्य विकारों के समाधान में आयुर्वेद की भूमिका महत्वपूर्ण

 


जयपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। विश्व आयुर्वेद परिषद एवं राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में “जीवनशैली जन्य विकारों में आयुर्वेद की भूमिका” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन जयपुर में किया गया। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (मानद विश्वविद्यालय) के कुलगुरु प्रो. संजीव शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरु प्रो. गोविंद सहाय शुक्ला ने अध्यक्षता की।

मुख्य अतिथि प्रो. संजीव शर्मा ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण अनेक दीर्घकालिक विकार बढ़े हैं। आयुर्वेद केवल रोग उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों की रोकथाम पर भी जोर देता है। उन्होंने जीवनशैली जन्य विकारों के समाधान में आयुर्वेद की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

अध्यक्ष प्रो. गोविंद सहाय शुक्ला ने कहा कि आयुर्वेद की विशेषता रोग के साथ रोगी को समझने की दृष्टि है। जीवनशैली विकारों की चुनौती से निपटने के लिए आयुर्वेद के सिद्धांतों को आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने की आवश्यकता है।

माधवबाग कार्डियोलॉजी हॉस्पिटल्स, मुंबई के हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित साने ने कहा कि वे करीब 20 वर्षों से आयुर्वेद के सिद्धांतों के आधार पर हृदयरोग और मधुमेह पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आयुर्वेद ग्रंथों में वर्णित उपचार उनकी एलोपैथिक रिसर्च के विभिन्न मानकों पर खरे उतरे हैं। उन्होंने हृदयरोग और मधुमेह की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था में आयुर्वेद को उचित स्थान देने की आवश्यकता बताई।

चिकित्सक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सह प्रभारी डॉ. बी.एल. बराला ने बताया कि कार्यशाला के पहले दिन विशेषज्ञ डॉ. नारायण साहणे ने आयुर्वेदिक यूरोलॉजी तथा प्रो. भारती कुमारमंगलम ने पीसीओडी, बंध्यत्व सहित विभिन्न विकारों के आयुर्वेदिक प्रबंधन पर अपने अनुभव साझा किए। कार्यशाला में देशभर से 300 से अधिक चिकित्सकों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में विश्व आयुर्वेद परिषद के राष्ट्रीय सचिव डॉ. किशोरी लाल शर्मा, बोर्ड ऑफ इंडियन मेडिसिन के रजिस्ट्रार डॉ. सीताराम शर्मा, सह आयोजन अध्यक्ष डॉ. सुमन शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा, प्रदेश महासचिव डॉ. पवन सिंह शेखावत और प्रदेश प्रभारी डॉ. जे.एस. राजावत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव