आयुर्वेद विवि में मनाया विश्व पाइल्स दिवस
जोधपुर, 20 नवम्बर (हि.स.)। विश्व पाइल्स दिवस के उपलक्ष्य में डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल की प्रेरणा से पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के स्नातकोत्तर शल्य तंत्र विभाग द्वारा अर्श (पाइल्स) रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर (डॉ.) राजेश कुमार गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पाइल्स रोग की वर्तमान समय में बढ़ती समस्या, इसके प्रति सामाजिक जागरूकता तथा समय पर उचित चिकित्सकीय परामर्श की आवश्यकता पर विशेष प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर (डॉ.) राजेश कुमार गुप्ता ने जागरूकता व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए अर्श रोग के आयुर्वेदिक एवं आधुनिक चिकित्सा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि अर्श एक महत्वपूर्ण गुदा एवं मलाशय संबंधी व्याधि है, जिसे सामान्य भाषा में पाइल्स या बवासीर कहा जाता है। इस रोग में मल त्याग के समय रक्तस्राव, गुदा प्रदेश में मस्सों का निर्माण, दर्द, जलन एवं असुविधा जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
कई बार संकोच एवं सामाजिक झिझक के कारण रोगी प्रारंभिक लक्षणों को नजरअंदाज करते रहते हैं, जिसके परिणामस्वरूप रोग की गंभीरता बढ़ सकती है। अत: रोग के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने अपने व्याख्यान में अर्श रोग की उत्पत्ति में अनियमित खानपान, कम रेशेदार आहार, पर्याप्त जल का सेवन न करना, शारीरिक निष्क्रियता, लंबे समय तक बैठकर कार्य करना तथा दीर्घकालीन कब्ज जैसी जीवनशैली संबंधी परिस्थितियों की भूमिका पर चर्चा की।
उन्होंने संतुलित एवं रेशायुक्त आहार, पर्याप्त मात्रा में जल सेवन, नियमित शारीरिक गतिविधि, उचित मल प्रवृत्ति तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाने को रोग की रोकथाम एवं पुनरावृत्ति कम करने के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में शल्य तंत्र विभाग के सह आचार्य डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. राजीव सोनी, डॉ. विकास चोरोटिया डॉ. सुन्दर लाल, डॉ. विवेक, डॉ. करिश्मा एवं डॉ. रविंद्र सहित स्नातकोत्तरअध्येता एवं इंटर्न अध्येता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश