छात्रों में समर्पण, अनुशासन एवं सेवा भावना होना जरूरी: प्रो. शुक्ल

 


आयुर्वेद विवि में बीएएमएस बैच 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन

जोधपुर, 17 नवम्बर (हि.स.)। डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में बीएएमएस बैच 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके शैक्षणिक जीवन के शुभारंभ के उद्देश्य से इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविन्द सहाय शुक्ल की उपस्थिति में किया गया। आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश करने वाले नवजात विद्यार्थियों के स्वागत एवं संस्कार एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगुरु द्वारा भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं मन्त्रोच्चार कर किया गया। इसके पश्चात नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने अपना परिचय प्रस्तुत किया तथा संस्थान के साथ अपने शैक्षणिक जीवन की नई यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर शुक्ल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन एवं आशीर्वचनों से नवप्रवेशित विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को समर्पण, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ अध्ययन करने तथा आयुर्वेद की प्राचीन ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

उन्होंने सत्य एवं धर्म का अनुसरण करने तथा स्वाध्याय में आलस्य नहीं करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को इंडक्शन प्रोग्राम की रूपरेखा, उद्देश्य एवं आगामी शैक्षणिक गतिविधियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में डीन, आयुर्वेद प्रोफेसर गोविन्द प्रसाद गुप्ता, चिकित्सालय अधीक्षक प्रो. ए. नीलिमा, विभागाध्यक्ष क्रिया शारीर प्रो. दिनेश चन्द्र शर्मा, विभागाध्यक्ष कायचिकित्सा एवं स्वस्थवृत्त डॉ. ब्रह्मानन्द शर्मा, विभागाध्यक्ष कौमारभृत्य प्रो.हरीश सिंघल तथा प्राचार्य, योग नेचुरौपैथी महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. चंद्रभान शर्मा सहित संस्थान के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. संकल्प शर्मा द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम के समन्वय एवं अन्य व्यवस्थाओं में डॉ. मनीष कुमार यादव का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रो. ए. नीलिमा ने औपचारिक रूप से कार्यक्रम के समापन की घोषणा करते हुए उपस्थित कुलगुरु , समस्त अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश