आयुर्वेद विवि और जीआईएसटी के बीच एमओयू हस्ताक्षरित

 


जोधपुर, 25 नवम्बर (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर एवं ग्लोबल इंडियन साइंटिस्ट्स एंड टेक्नोक्रेट्स फोरम (जीआईएसटी) के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते पर जीआईएसटी फोरम के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. येल्लोजी राव मिराजकर तथा विश्वविद्यालय की ओर से उपकुलसचिव डॉ. मनोज अदलखा ने हस्ताक्षर किए। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल की गउपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वस्थ जीवनशैली और रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास अत्यंत आवश्यक है। भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धति, विशेषकर आयुर्वेद में आहार को स्वास्थ्य संरक्षण का महत्वपूर्ण आधार माना गया है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय आयुर्वेद के सिद्धांतों को आमजन तक पहुंचाने तथा पोषण जागरूकता के प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है। जीआईएसटी फोरम के साथ यह सहयोग पोषण जागरूकता, अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों को नई दिशा प्रदान करेगा।

इस अवसर पर डॉ. येल्लोजी राव मिराजकर ने आहार क्रांति विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सुदृढ़ बनाने में पारंपरिक भारतीय आहार पद्धति की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने आहार संबंधी जागरूकता को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में जीआईएसटी फोरम की ओर से डॉ. धवल राजदे एवं कृतिका विजयेश दवे भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त प्रो. गोविंद प्रसाद गुप्ता, प्रो. महेंद्र कुमार शर्मा, प्रो. गौरव नागर, प्रो. ए. नीलिमा, प्रो. हरिश कुमार सिंघल, प्रो. ब्रह्मानंद शर्मा, डॉ. राकेश कुमार शर्मा, डॉ. मनीषा गोयल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, स्नातकोत्तर एवं स्नातक विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश