एयू बनो चैंपियन विलेज लेवल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट में 29 हजार खिलाड़ियों ने दिखाया दम
जयपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। एयू फाउंडेशन और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (एयू एसएफबी) की सीएसआर शाखा द्वारा आयोजित 'एयू बनो चैंपियन विलेज लेवल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट' के छठे संस्करण का सफल समापन हो गया। राजस्थान के 66 से अधिक स्थानों पर आयोजित इस प्रतियोगिता में ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के करीब 29 हजार युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया।
पिछले पांच संस्करणों की सफलता के बाद आयोजित इस टूर्नामेंट को प्रदेश की सबसे बड़ी जमीनी खेल पहलों में शामिल माना जा रहा है। ओपन चैंपियनशिप प्रारूप में आयोजित प्रतियोगिता में 8 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को भाग लेने का अवसर मिला। इसमें नियमित प्रशिक्षण केंद्रों के खिलाड़ियों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं ने भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, मुक्केबाजी, वुशु, कबड्डी और खो-खो जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।
एयू फाउंडेशन ने बताया कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और उभरती प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश