विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुद्वारे में टेका माथा, पुष्कर में की पूजा अर्चना
अजमेर, 24 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुनानक देव जयंती पर गंज स्थित गुरुद्वारे में माथा टेका एवं अरदास की। पुष्कर में कार्तिक पूर्णिमा अवसर पर सरोवर पर पूजन कर ब्रह्मा मन्दिर में दर्शन किए। देवनानी ने गुरुनानक जयंती एवं कार्तिक पूर्णिमा पर बधाई दी।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान आध्यात्मिक संत गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व (गुरुनानक जयंती) पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। गुरु नानक देव का संपूर्ण जीवन सत्य, प्रेम, करुणा, समानता और मानव सेवा के आदर्शों के प्रति समर्पित रहा। उनकी पावन शिक्षाएं सम्पूर्ण मानव समाज को सद्भाव, बंधुत्व और परस्पर सम्मान की प्रेरणा प्रदान करती हैं। उनका जीवन दर्शन परिश्रम, ईश्वर स्मरण तथा समाज के साथ अपने संसाधनों को साझा करने का महान संदेश देता है।
देवनानी ने कहा कि उनकी वाणी में निहित आध्यात्मिक दृष्टि और लोककल्याण की भावना आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करती है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर हम एक ऐसे समाज के निर्माण में सहभागी बन सकते हैं, जहां सेवा, सद्भाव और मानवीय गरिमा सर्वाेपरि हों।
देवनानी ने इस पावन अवसर पर प्रदेशवासियों से गुरु नानक देव की शिक्षाओं को अपने जीवन में धारण करने तथा सामाजिक समरसता, सेवा और मानव कल्याण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
राजस्थान विधान अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विधायक लक्ष्मण मीणा के स्वास्थ्य की जानकारी ली और कुशलक्षेम पूछी। देवनानी की दूरभाष पर मीणा के पुत्र निलेश से बातचीत हुई। देवनानी ने मीणा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए शुभकामनाएं की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष