राजस्थान विधानसभा की जन लेखा समिति का पंजाब दौरा, राज्यपाल गुलाबचंद्र कटारिया से की मुलाकात

 


चित्तौड़गढ़, 16 जून (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा की जन लेखा समिति इन दिनों जम्मू-कश्मीर, पंजाब व हरियाणा के अध्ययन दौरे पर है। समिति इन राज्यों की विधानसभा का भ्रमण कर वहां की लेखा समिति की कार्यप्रणाली और संसदीय प्रक्रियाओं की जानकारी जुटा रही है।

दौरे के क्रम में समिति सदस्यों ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित राजभवन में पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद्र कटारिया से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विभिन्न संसदीय एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से सार्थक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभानसिंह आक्या, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, बेगूं विधायक सुरेश धाकड़, शार्दूलशहर विधायक गुरवीर सिंह व अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल शामिल रहे। समिति सदस्यों ने पंजाब विधानसभा अध्यक्ष एवं वहां की लेखा समिति के सदस्यों के साथ भी बैठक की। बैठक में लोकतांत्रिक संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, सुशासन, जनकल्याण से जुड़े विषयों और संसदीय प्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर गहन मंथन हुआ। समिति ने पंजाब विधानसभा की लेखा समिति द्वारा अपनाई जा रही कार्यप्रणाली, वित्तीय अनुशासन और जन लेखा परीक्षण की बारीकियों को समझा। राजस्थान के विधायकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए दोनों राज्यों के बीच संसदीय व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया।

राज्यपाल गुलाबचंद्र कटारिया ने राजस्थान से आए विधायकों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अध्ययन दौरे लोकतंत्र को मजबूत करते हैं और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मददगार होते हैं। उन्होंने जन लेखा समिति की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह समिति सरकारी खर्च पर निगरानी रखकर जनता के पैसे का सही उपयोग सुनिश्चित करती है। जन लेखा समिति का यह दौरा विभिन्न राज्यों की सर्वोत्तम संसदीय प्रथाओं को समझने और उन्हें राजस्थान विधानसभा में लागू करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल