जयपुर में 11-12 सितंबर को जुटेंगे एशिया के तीन हजार से अधिक वास्तुकार

 


जयपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। द इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स (आईआईए) के तत्वावधान में 23वां आर्केसिया फ़ोरम-2026 का आयोजन 11 और 12 सितंबर को जयपुर में होगा। आईआईए के अध्यक्ष एवं फ़ोरम संयोजक आर्किटेक्ट तुषार सोगानी ने बताया कि एशिया के प्रतिष्ठित वास्तुकला आयोजनों में शामिल इस फ़ोरम की थीम ब्रिंगिंग बैक... वर्नाक्यूलर विजडम रखी गई है, जिसमें पारंपरिक ज्ञान, जलवायु-अनुकूल वास्तुकला, स्थानीय निर्माण सामग्री, शिल्पकला और सतत डिज़ाइन पर मंथन होगा।

फ़ोरम में आर्केसिया के 24 सदस्य देशों से एक हजार से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि तथा भारत से दो हजार से अधिक वास्तुकार, शिक्षाविद, विद्यार्थी, नीति-निर्माता और उद्योग विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन में प्रिट्जकर आर्किटेक्चर पुरस्कार विजेता आर्किटेक्ट रिकेन यामामोटो और प्रो. फिलिप एफ. युआन सहित देश-विदेश के विशेषज्ञ मुख्य वक्ता होंगे।

दो दिवसीय आयोजन में मुख्य व्याख्यान, पैनल चर्चा और तकनीकी सत्रों के साथ आर्केसिया अवॉर्ड्स फॉर आर्किटेक्चर, कॉल फॉर पेपर्स, थीसिस ऑफ द ईयर और स्टूडेंट डिज़ाइन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। साथ ही बिल्डिंग मटेरियल प्रदर्शनी भी लगेगी, जिसमें अग्रणी कंपनियां नई तकनीकों और उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। लघु उद्योग भारती इस फ़ोरम का इंडस्ट्रियल पार्टनर है।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए जयपुर के हेरिटेज और आर्किटेक्चरल टूर भी आयोजित किए जाएंगे। सोगानी ने कहा कि यह फ़ोरम अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के साथ राजस्थान की समृद्ध वास्तुकला विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश