पंचायतराज चुनाव से पहले अशोक गहलोत का कांग्रेसियों को एकजुटता का संदेश

 


जयपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी संघर्ष में जुटने की अपील की है।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर नगरीय निकाय चुनावों में परिसीमन के दौरान मनमानी करने का आरोप लगाते हुए आशंका जताई कि पंचायत राज चुनावों में भी प्रशासन और पुलिस का दुरुपयोग किया जा सकता है।

गहलोत ने अपनी पोस्ट में सभी सांसदों, विधायकों, विधायक प्रत्याशियों, जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस के जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों में परिसीमन को लेकर जिस तरह की शिकायतें सामने आई थीं, वैसी ही शिकायतें पंचायत राज चुनावों को लेकर भी हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव के दौरान प्रशासन और पुलिस का इस्तेमाल अपने पक्ष में करने का प्रयास कर सकती है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रशासन और पुलिस की कथित पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का मुकाबला आमजन को साथ लेकर करें। उन्होंने नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि तमाम प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया और मतों के मामले में भाजपा के लगभग बराबर रही। गहलोत ने दावा किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की परंपरागत मजबूती पार्टी के लिए सकारात्मक आधार है और कांग्रेस चुनाव में जीत हासिल करेगी।

गहलोत ने इस चुनावी लड़ाई को किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे कांग्रेस संगठन की लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी अपने स्तर पर जनप्रतिनिधियों से फोन पर संवाद कर रहे हैं और कई साथियों से बात कर चुके हैं। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर जनता के बीच रहने तथा भाजपा की कथित अलोकतांत्रिक गतिविधियों को उजागर करने का आह्वान किया।

अपनी पोस्ट में गहलोत ने विश्वास जताया कि यदि जनता कांग्रेस के साथ खड़ी रही तो प्रशासन और पुलिस जनादेश छीनने में सफल नहीं हो सकेंगे। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने और पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित