जयपुर के 3,214 पारंपरिक कारीगरों का डिजिटल दस्तावेजीकरण, राजस्थान का पहला जियो-टैग्ड शिल्पकार मानचित्र तैयार
जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जयपुर की पारंपरिक हस्तशिल्प कलाओं और उनसे जुड़े कारीगरों को नई पहचान दिलाने के लिए शुरू की गई ‘कारीगर’ पहल के तहत अब तक 3 हजार 214 पारंपरिक कारीगरों का दस्तावेजीकरण और डिजिटल जियो-टैगिंग की जा चुकी है। इसके साथ ही राजस्थान की 10 पारंपरिक शिल्प कलाओं की तकनीक, इतिहास और सांस्कृतिक महत्व को डिजिटल अभिलेखागार में संकलित किया गया है। इस पहल के तहत राजस्थान का पहला जियो-टैग्ड पारंपरिक कारीगर मानचित्र भी तैयार किया गया है।
जयपुर में पले-बढ़े तीन युवा सह-संस्थापकों तिरशिव ओहलान, समरवीर सिंह शेखावत और अनिका सिंह ने यह पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य राजस्थान की पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करने के साथ उन कारीगरों को पहचान और उचित मंच उपलब्ध कराना है, जिनके हुनर से जयपुर की सांस्कृतिक पहचान बनी हुई है।
इसी कड़ी में रविवार को बनीपार्क स्थित कृपाल कुंभ में ‘सीन एट लास्ट’ नाम से विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसका उद्घाटन राजस्थान टूर की निदेशक मधुवंती सिंह ने किया। कार्यक्रम में जयपुर के नागरिकों के साथ राजस्थान सरकार के समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष अर्चना शर्मा, सवाई मानसिंह द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट की निदेशक रामा दत्त और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह सहित अन्य अतिथि शामिल हुए।
मधुवंती सिंह के अनुसार ‘कारीगर’ पहल के तहत ब्लॉक प्रिंटिंग, फ्रेस्को, ब्लू पॉटरी, मिनिएचर पेंटिंग, लाख, तारकशी, ठिकरी, बंधेज और नक्काशी सहित पारंपरिक शिल्प कलाओं का दस्तावेजीकरण किया गया है। इन कलाओं से जुड़ी तकनीकों, इतिहास और सांस्कृतिक महत्व को डिजिटल आर्काइव में सुरक्षित किया गया है। प्रदर्शनी में इनमें से चार शिल्प तकनीकों को प्रदर्शित किया गया है।
इस पहल के तहत तैयार जियो-टैग्ड कारीगर मानचित्र के माध्यम से पारंपरिक शिल्पकारों की पहचान और उनके कार्यस्थलों को डिजिटल माध्यम से दर्ज किया गया है। इससे कारीगरों और उनकी कला को एक व्यापक मंच मिलने के साथ इन पारंपरिक विधाओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में मदद मिलने की उम्मीद है।
आयोजकों के अनुसार इस पहल को राजस्थान के पर्यटन एवं वस्त्र मंत्रालय का सहयोग और विभिन्न शिल्प संगठनों का प्रोत्साहन मिल रहा है। ‘सीन एट लास्ट’ प्रदर्शनी के जरिए पारंपरिक कारीगरों की कला, मेहनत और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प विरासत को आम लोगों के सामने लाने का प्रयास किया गया है। इसका उद्देश्य कारीगरों को व्यापक पहचान दिलाने के साथ राजस्थान की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को संरक्षित और संवर्धित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश