केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम ने किया ‘बाल विवाह रोकथाम’ पोस्टर का विमोचन

 


बीकानेर, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर बीकानेर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल शामिल हुए। इस अवसर पर राजस्थान महिला कल्याण मण्डल संस्था के निदेशक राकेश कौशिक के निर्देशन में राजस्थान महिला कल्याण मण्डल / जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन की टीम द्वारा केंद्रीय मंत्री के हाथाें बाल विवाह रोकथाम व 'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान के विशेष पोस्टर का विमोचन करवाया गया।

समाज में व्याप्त बाल विवाह जैसी कुरीतियों के उन्मूलन और जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से तैयार किए गए इस पोस्टर का विमोचन करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने भारतीय संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बाल विवाह रोकथाम की दिशा में राजस्थान महिला कल्याण मण्डल व जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के इस सामाजिक प्रयास की सराहना की।

संस्था की ओर से जिला समन्वयक अमित कुमार द्वारा जानकारी दी गई कि इस अभियान के तहत आगामी 100 दिवस तक बाल विवाह रोकथाम अभियान नियमित रूप से गाँवों में चलाया जाएगा और लोगों को इसके दुष्परिणामों व कानूनों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

इस दौरान संस्था की ओर से पिंकी जनागल, बाबूलाल, जय प्रकाश व विक्रम मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव