(संशोधित) अनूप जलोटा की भजन संध्या में उमड़ा भक्ति का सागर, हजारों श्रद्धालु हुए मंत्रमुग्ध
जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। गुप्त वृंदावन धाम जगतपुरा द्वारा आयोजित भव्य भजन संध्या में शुक्रवार शाम जयपुर में भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने अपनी मधुर एवं भक्तिमय प्रस्तुति से हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सायं 7 बजे से आरंभ हुए इस कार्यक्रम में जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। भजन सम्राट अनूप जलोटा ने ‘जग में सुन्दर है दो नाम’, ‘अच्युतम केशवं’ जैसे प्रसिद्ध भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह भक्ति में डूबकर भगवान के नाम संकीर्तन में सहभागी बना और पूरे सभागार में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। कार्यक्रम में शहर की कई गणमान्य हस्तियों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर गुप्त वृंदावन धाम के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में सनातन धर्म, वैदिक संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है, जिससे युवाओं और परिवारों को सकारात्मक दिशा मिल सके।
गौरतलब है कि इससे पूर्व राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने इस कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन करते हुए संस्था के प्रयासों की सराहना की थी तथा कार्यक्रम के लिए अपनी शुभकामनाएं दी थीं। मंदिर प्रबंधन ने इस भव्य आयोजन की सफलता के लिए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं सेवकों का आभार व्यक्त किया
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश